लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर। बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में निर्वाचन कार्य के लिए गठित विभिन्न कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों और कार्यों की बिंदुवार जानकारी ली गई। डीएम ने सभी पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग, बिहार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है। ऐसे में सभी कोषांग अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में कार्मिक कोषांग को मतदान एवं अन्य निर्वाचन कार्यों के लिए आवश्यक कर्मियों की उपलब्धता, प्रतिनियुक्ति और प्रशिक्षण की प्रक्रिया समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। परिवहन कोषांग को पर्याप्त संख्या में वाहनों की व्यवस्था और उनके समुचित उपयोग को सुनिश्चित करने को कहा गया।
वहीं, सामग्री कोषांग को निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण और मतदान दलों को समय पर सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रेक्षक कोषांग को निर्वाचन प्रेक्षकों से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया।
निर्वाचन कोषांग को आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप सभी प्रक्रियाओं का समन्वय करते हुए समय पर पूरा करने तथा मीडिया कोषांग को निर्वाचन से जुड़ी अधिकृत एवं प्रमाणिक सूचनाओं का समयबद्ध प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी कोषांगों के प्रभारी अधिकारियों को आपसी समन्वय और नियमित अनुश्रवण के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की प्रत्येक प्रक्रिया में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन राजेश सिंह समेत विभिन्न कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








