ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रविवार रात सर्विस लेन से गाड़ी निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले गई। इसी दौरान एक दरोगा के साथ कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर धक्का-मुक्की किए जाने का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस के अनुसार, विवाद पार्किंग से वाहन निकालने को लेकर शुरू हुआ था। जिस दरोगा के साथ धक्का-मुक्की की बात सामने आई है, वह जिले से बाहर तैनात हैं और अपनी पत्नी को अस्पताल में देखने के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट पहुंचे थे। इसी दौरान वाहन निकालने को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया।
मामले को लेकर पुलिस दोनों पक्षों को चौकी लेकर पहुंची, जहां बातचीत के बाद आपसी समझौता हो गया। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग नहीं की है। वायरल वीडियो में एक युवक दरोगा से माफी मांगने की बात कहता नजर आ रहा है।
एसीपी सेंट्रल नोएडा कमलेश कांत के मुताबिक, पूरा विवाद सर्विस लेन से गाड़ी निकालने को लेकर हुआ था। फिलहाल पुलिस को किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।





