नोएडा के सेक्टर 126 स्थित एक न्यूज चैनल के स्टूडियो में मंगलवार को उस वक्त माहौल गरमा गया, जब टीवी डिबेट के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मौलाना साजिद रशीदी को थप्पड़ मार दिया। वजह बनी एक विवादित टिप्पणी—मौलाना ने सपा सांसद डिंपल यादव के मस्जिद में पहनावे को लेकर आपत्तिजनक बात कह दी। उनका कहना था कि डिंपल यादव बिना सिर ढके मस्जिद में बैठीं, जो इस्लामिक परंपराओं के खिलाफ है। ये बयान सुनते ही सपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। मोहित नागर समेत कुछ कार्यकर्ताओं ने स्टूडियो में मौलाना पर हाथ उठा दिया।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की गई है। मौलाना पहले से ही लखनऊ के विभूतिखंड थाने में दर्ज एक केस में आरोपी हैं, जिसमें उनके खिलाफ IPC की कई धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा चल रहा है। मामला गरमाता देख बीजेपी ने इसे महिला अपमान से जोड़ते हुए सपा पर हमला बोला, जबकि सपा ने पलटवार करते हुए इसे बीजेपी की सोची-समझी साजिश बताया। खुद डिंपल यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि जितना शोर वो इस मामले पर कर रही है, उतनी ही आवाज मणिपुर जैसे गंभीर मुद्दों पर भी उठानी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौलाना अपने बयान पर कायम हैं।






