Jaipur
दिल्ली रोड स्थित नई की थड़ी पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां समीर नामक व्यक्ति की दुकान में खुलेआम ऑटो में गैस रिफिलिंग का अवैध कार्य किया जा रहा है। यह इलाका पूरी तरह से रिहायशी है, जहां स्कूल, घर और बाजार पास ही स्थित हैं। ऐसे में बिना किसी सुरक्षा मानकों और वैध लाइसेंस के इस तरह का खतरनाक कार्य न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आमजन की सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ भी है।
सूत्रों के अनुसार, समीर की दुकान पर रोजाना दर्जनों ऑटो गैस भरवाने आते हैं। दुकान के अंदर और बाहर सिलेंडरों का ढेर लगा होता है। गैस सिलेंडर से पाइप के जरिए सीधे ऑटो में गैस भरी जाती है। यह कार्य न तो प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है, न ही किसी प्रकार की अग्निशमन व्यवस्था वहाँ मौजूद है। आसपास के लोगों का कहना है कि कभी भी एक बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे सैकड़ों ज़िंदगियाँ खतरे में पड़ सकती हैं।
स्थानीय निवासी इस मामले को लेकर बेहद नाराज़ हैं। मोहल्लेवासी विजय कुमार ने बताया, “हम दिन-रात डर के साए में जी रहे हैं। बच्चों को बाहर भेजने में डर लगता है। दुकान पर लगातार गैस सिलेंडरों की आवाजाही रहती है और ऑटो चालकों की भीड़ लगी रहती है। यह सब हमारी आँखों के सामने हो रहा है, लेकिन प्रशासन मौन है।”
वहीं एक अन्य महिला निवासिनी ने कहा, “कई बार शिकायत की गई, लेकिन न तो पुलिस ने कोई ठोस कदम उठाया और न ही गैस एजेंसियों या प्रशासन ने कोई जवाबदारी ली। क्या प्रशासन किसी हादसे के बाद जागेगा?”
गौरतलब है कि ऑटो गैस (CNG/LPG) की रिफिलिंग केवल अधिकृत पंपों पर ही की जा सकती है और इसके लिए विशेष सुरक्षा मानकों को अपनाना जरूरी होता है। समीर की दुकान में न तो कोई अधिकृत कनेक्शन है, न ही कोई तकनीकी सुविधा। अवैध रूप से गैस ट्रांसफर करना कानूनन जुर्म है और इसके तहत कड़ी सज़ा भी निर्धारित है।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह सबकुछ पुलिस और स्थानीय प्रशासन की नाक के नीचे हो रहा है। यदि समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो यह अवैध रिफिलिंग केंद्र कभी भी भयानक विस्फोट का कारण बन सकता है, जिसकी चपेट में दर्जनों मकान और लोग आ सकते हैं।
अब सवाल यह है —
📌 प्रशासन चुप क्यों है?
📌 क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा सिस्टम?
📌 आखिर किसके संरक्षण में चल रहा है यह गैस रिफिलिंग का अवैध खेल?
हमारी अपील है कि संबंधित विभाग त्वरित कार्रवाई करें और इस जानलेवा गतिविधि पर तुरंत रोक लगाएं।






