Home / News / दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले रेलवे का बड़ा फैसला, कई ट्रेनें रद्द; 5,000 यात्रियों की छूटी ट्रेनें

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले रेलवे का बड़ा फैसला, कई ट्रेनें रद्द; 5,000 यात्रियों की छूटी ट्रेनें

दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP के प्रदर्शन से पहले रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर आने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को लेकर विशेष आदेश जारी किया गया है। रेलवे के मुताबिक, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच इन दोनों स्टेशनों पर पहुंचने वाली निर्धारित ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके पीछे दोनों स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम और यात्रियों को होने वाली परेशानी की आशंका बताई गई है।

5,000 यात्रियों की छूटी ट्रेनें

इससे पहले 8 अक्टूबर को दिल्ली में विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ था। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जाम और रास्तों पर प्रतिबंध के कारण 5,000 से अधिक यात्री समय पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन नहीं पहुंच पाए और उनकी ट्रेनें छूट गईं। प्रभावित यात्रियों में IIT जोधपुर के 56 छात्र भी शामिल थे, जिन्हें डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस पकड़नी थी।

कई प्रमुख ट्रेनें भी प्रभावित

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रद्द की गई ट्रेनों में हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस और मगध एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था पर भी ध्यान दें।

CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जा रही है। वहीं, ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की परेशानी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now