Home / News / भूविस्थापितों की स्थायी नौकरी के लिए रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने कलेक्टर को लिखा पत्र, 28 अक्टूबर को चक्काजाम की चेतावनी

भूविस्थापितों की स्थायी नौकरी के लिए रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने कलेक्टर को लिखा पत्र, 28 अक्टूबर को चक्काजाम की चेतावनी

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट

“20 दिन का अल्टीमेटम: भूविस्थापितों को स्थायी नौकरी नहीं मिली तो 28 अक्टूबर को चक्काजाम—रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया”
कोरबा//कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोढ़ी और पंडरीपानी के भूविस्थापितों को स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने कलेक्टर को पत्र लिखकर 20 दिनों के भीतर समाधान की मांग की है। विधायक ने पत्र में मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में 28 अक्टूबर 2026 को गोढ़ी डेम बंद कराने और नकटीखार-बरबसपुर मार्ग पर चक्काजाम की चेतावनी दी है।

कलेक्टर को 8 अक्टूबर को भेजे गए पत्र में विधायक ने उल्लेख किया है कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी सीएसईबी बुधवारी द्वारा वर्ष 2007 में ग्राम गोढ़ी और पंडरीपानी में भू-अर्जन किया गया था। इसके बाद 29 नवंबर 2010 को तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के क्रियान्वयन के तहत राखड़ बांध निर्माण से प्रभावित 308 कृषक परिवारों के सदस्यों को नौकरी देने की स्वीकृति प्रदान की गई थी।

पत्र के अनुसार 308 कृषक परिवारों के सदस्यों में से कई को नौकरी मिल चुकी है, लेकिन कुछ भूविस्थापित अब भी रोजगार से वंचित हैं। विधायक का कहना है कि इन प्रभावितों द्वारा नौकरी से संबंधित दस्तावेज प्रशासन के समक्ष जमा किए जा चुके हैं।

विधायक ने पत्र में आरोप लगाया है कि बचे हुए भूविस्थापितों को स्थायी नौकरी देने के बजाय तीन वर्ष की अवधि वाली संविदा नौकरी और अन्य शर्तों के साथ नियुक्ति देने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने इसे गलत बताते हुए शेष भूविस्थापितों को स्थायी रोजगार देने की मांग रखी है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि भूविस्थापितों द्वारा कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी मांग रखी गई, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

विधायक फूल सिंह राठिया ने प्रशासन को 20 दिन का समय देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में बचे हुए भूविस्थापितों को स्थायी नौकरी नहीं दी गई, तो 28 अक्टूबर को गोढ़ी डेम बंद कराने के साथ नकटीखार से बरबसपुर मार्ग पर मांग पूरी होने तक चक्काजाम किया जाएगा।

विधायक ने पत्र में आंदोलन की स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन, प्रशासन और संबंधित कंपनी की होने की बात कही है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now