बरेली। अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कैनी इंचारौ झूनानगर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पक्की दीवार गिरने से दो मासूम चचेरे भाई-बहन की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे अंशु (8) पुत्र अजीत और कृष्का (6) पुत्री राजेश उर्फ नन्हें नाश्ते के लिए पापड़ लेने पास की परचून की दुकान पर गए थे। दुकान से लौटते समय रास्ते में अचानक एक पक्की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों बच्चे मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना पर अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई बलवीर सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया।
कुछ देर बाद आंवला तहसीलदार वृजेश कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को शासन की ओर से दोनों मृतक बच्चों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं लेखपाल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक राजस्व संबंधी कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चों के पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं। हादसे की सूचना उन्हें दे दी गई है और वे गांव के लिए रवाना हो चुके हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दीवार गिरने से चचेरे भाई-बहन की मौत, पापड़ लेने निकले थे दोनों मासूम





