Home / News / चित्रकूट – किरण पाल कश्यप की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई

चित्रकूट – किरण पाल कश्यप की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई

ब्यूरो संजय मिश्रा
चित्रकूट – उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति की चित्रकूट–बांदा की संयुक्त बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार, चित्रकूट में सभापति किरण पाल कश्यप की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सदर विधायक चित्रकूट अनिल प्रधान, जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग, जिलाधिकारी बांदा जे रीभा, पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल, मुख्य विकास अधिकारी चित्रकूट डी.पी. पाल, मुख्य विकास अधिकारी बांदा अजय कुमार पांडे सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सभापति संसदीय अध्ययन समिति के कलेक्ट्रेट आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
बैठक में जनपदों के जनप्रतिनिधियों से प्राप्त संदर्भों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किये कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करते हुए निस्तारण की सूचना पत्र के माध्यम से संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाए।नगर विकास एवं जल निगम (ग्रामीण) के संबंध में अधिशासी अभियंता से जानकारी लिए। अधिशासी अभियंता जल निगम द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में तीन परियोजनाएं संचालित हैं, जिनके अंतर्गत सिलौटा में 576 किलोमीटर, चांदी बागर में 2500 किलोमीटर तथा रैपुरा में 725 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। अध्यक्ष द्वारा निर्देश दिए गए कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को पूर्व स्थिति में शीघ्र पुनर्निर्मित कराया जाए। अध्यक्ष ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों के फोन कॉल्स का समय से संज्ञान लिया जाए तथा समिति के समक्ष एक माह के भीतर समस्त आवश्यक सूचनाओं के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से जनपद में संचालित गौशालाओं एवं चारा-पानी की व्यवस्था की जानकारी लिए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 302 गौशालाएं संचालित हैं तथा चारा एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि कोई भी निराश्रित पशु सड़कों पर न घूमे उन्हें गौशालाओं में कराए, तथा किसानों की फसलों को किसी प्रकार का नुकसान न होने पाए, यह सुनिश्चित किया जाए।
आयुष (आयुर्वेद) विभाग के संबंध में जिला आयुर्वेद अधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में कुल 9 आयुर्वेद चिकित्सालय संचालित हैं। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि जनसामान्य, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने हेतु शिविरों का आयोजन कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।बैठक में सिंचाई विभाग, जिला पंचायत राज विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, आबकारी विभाग एवं परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि एक माह के भीतर समिति के समक्ष समस्त विवरण प्रस्तुत करें। संसदीय अध्ययन समिति के अध्यक्ष किरण पाल कश्यप जी ने नए वर्ष के अवसर पर चित्रकूट एवं बांदा के अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संसदीय अध्ययन समिति विधान परिषद की एक महत्वपूर्ण समिति है, जो एक मिनी सदन के रूप में कार्य करती है। उन्होंने कहा कि सदन में उठाए गए प्रश्नों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने में यह समिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है तथा लोकतंत्र में समस्याओं का समाधान प्राथमिक रूप से जिला स्तर पर ही होना चाहिए।जिलाधिकारी बांदा द्वारा अवगत कराया गया कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त 2404 संदर्भों के सापेक्ष 2403 का निस्तारण कर दिया गया है तथा शेष एक प्रकरण का निस्तारण शीघ्र कर लिया जाएगा। सभापति ने सिंचाई विभाग बांदा द्वारा किए गए डेटा-आधारित निस्तारण एवं उसकी सूचना जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने की सराहना की।
बैठक में अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की अनुपस्थिति पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर संसदीय अध्ययन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों को एक जनपद एक उत्पाद के अंतर्गत निर्मित जनपद का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग ने संसदीय अध्ययन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि समिति द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में समिति के सचिव विनोद यादव, समीक्षा अधिकारी सौरभ दीक्षित, अपर निजी सचिव अभिनव यादव, रिपोर्टर बृजेश यादव सहित चित्रकूट एवं बांदा जनपदों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now