Home / News / चित्रकूट -गुणवत्तापूर्ण निस्तारण ही संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य: जिलाधिकारी…

चित्रकूट -गुणवत्तापूर्ण निस्तारण ही संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य: जिलाधिकारी…

ब्यूरो संजय मिश्रा
चित्रकूट -तहसील सभागार राजापुर में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता मे एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी गर्ग ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसे प्रत्येक स्थिति में सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों के निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सचेत किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर से इन शिकायतों की निरंतर निगरानी की जाती है। उन्होंने निर्देश दिए कि फीडबैक की गुणवत्ता 10-20% से कम नहीं होनी चाहिए। मुख्यालय स्तर से भी फीडबैक की क्रॉस-चेकिंग की जाएगी; अतः कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जनसुनवाई करें। साथ ही, विभागीय योजनाओं का सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सुगमता से पहुँच सके।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा और महिला संबंधी प्रकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं। इन मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित एवं प्रभावी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी राजापुर फूलचंद यादव, डीसी मनरेगा डीएन पांडेय, परियोजना निदेशक सत्य राम यादव, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी मनोहर लाल धर्मन, अग्रणी जिला प्रबंधक (इंडियन बैंक) अनुराग शर्मा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now