राज्यमंत्री, श्रम एवं सेवायोजन विभाग, उत्तर प्रदेश तथा जनपद के प्रभारी मंत्री मनोहर लाल (मन्नू) कोरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार चित्रकूट में ‘सीएम डैशबोर्ड’ के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार, अध्यक्ष डिस्ट्रिक्ट को ऑपरेटिव बैंक चित्रकूट/ बादा पंकज अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि जले हुए ट्रांसफार्मरों को सरकारी गाइडलाइन के अनुरूप तत्काल बदला जाए और रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। भाजपा जिलाध्यक्ष की सुझाव पर उन्होंने सरकारी दफ्तरों और आवासों में स्मार्ट मीटर लगाने की बात कही। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने हेतु सड़कों के बीच में खुदाई न करके किनारे से खुदाई की जाए, ताकि आवागमन बाधित न हो। जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन से संबंधित आईजीआरएस शिकायतों के त्वरित निस्तारण के आदेश दिए।
मंत्री ने जानकारी दी कि सरकार ने मनरेगा कार्य दिवसों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर है। कानून व्यवस्था एवं रैंकिंग पुलिस अधीक्षक ने अवगत कराया कि जनपद में जघन्य अपराधों (हत्या, लूट, डकैती) में कमी आई है और ‘गृह भेदन’ जैसी समस्याओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि सीएम डैशबोर्ड पर अपनी रैंकिंग में सुधार करें और ‘ए’ ग्रेड बनाए रखें
। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने चिकित्सालय के एक्स-रे विभाग में आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्त तीन एक्स-रे टेक्नीशियन (मानसिंह, सर्वेश कुमार और लाखन लाल सिंह) को प्रमाण पत्र वितरित किए। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि प्राप्त दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों को ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) के स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
ब्यूरो संजय मिश्रा






