लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर/विभूतिपुर। प्रखंड क्षेत्र के नरहन में गणेश पूजा के अवसर पर वान्या इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने नृत्य, गीत और लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, बिहार की लोक परंपरा और सामाजिक संदेशों को मंच पर जीवंत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश पूजा समिति के अध्यक्ष पुरेंद्र राय, निरंजन कुमार, प्रशांत कुमार, रौशन कुमार, पंकज कुमार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंच संचालन साकेत कुमार एवं दीक्षा साहनी ने किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में आरुषि, माही, फलक, छोटी, मुस्कान, मीनाक्षी, हर्षिता, अनन्या, प्राची, जीविका, सौरभ, तनवीर, साहिल, मयंक, प्रांजल सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ‘झिझिया मिक्स’, ‘सामा-चकेवा’ और ‘जिया ए बिहार के लाला’ जैसे गीतों पर बच्चों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों की भाव-भंगिमा और नृत्य प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के निदेशक निरंजन कुमार ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता को विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए शिक्षकों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






