क्रिकेट के मैदान पर अपनी तेज गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले मोहम्मद शमी अब सियासी पिच को लेकर चर्चा में हैं। राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी से शमी की मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में अटकलों का दौर शुरू हो गया है। खास चर्चा इस बात की है कि क्या शमी 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने गृह जिले अमरोहा से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं?
दरअसल, जयंत चौधरी और मोहम्मद शमी की मुलाकात दिल्ली में हुई। जयंत चौधरी की ओर से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद राजनीतिक चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। इसके बाद सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्टों में दावा किया जाने लगा कि शमी राष्ट्रीय लोक दल के टिकट पर अमरोहा से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
मोहम्मद शमी का अमरोहा से खास जुड़ाव रहा है और इसी वजह से चुनावी चर्चा ने और जोर पकड़ा। हालांकि, अभी तक शमी या राष्ट्रीय लोक दल की तरफ से चुनाव लड़ने, पार्टी में शामिल होने या टिकट को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
इसी बीच कुछ रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि शमी के चुनाव लड़ने की खबरें फिलहाल महज कयास और अफवाह हैं। यानी जयंत चौधरी से मुलाकात जरूर हुई है, लेकिन इसे सीधे तौर पर शमी की राजनीतिक एंट्री से जोड़ने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौर करने वाली बात ये भी है कि इससे पहले शमी के भाई हसीब अहमद के नाम को लेकर भी अमरोहा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में शमी परिवार को लेकर अमरोहा की राजनीति में अटकलें लगातार बनी हुई हैं।
क्या मोहम्मद शमी क्रिकेट के बाद राजनीति की पिच पर उतरेंगे, या जयंत चौधरी से हुई ये मुलाकात सिर्फ एक सामान्य मुलाकात थी? इसका जवाब आने वाले दिनों में किसी आधिकारिक घोषणा से ही साफ होगा। तब तक अमरोहा से शमी के चुनाव लड़ने की खबर को अटकल के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।






