नावकोठी.अंचल के विष्णुपुर पंचायत में बसेरा अभियान के तहत कथित तौर पर अपात्र एवं सुखी-संपन्न लोगों को बासगीत पर्चा दिए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि पर्चा निर्गत करने में नियमों की अनदेखी करते हुए खतियानी कब्रिस्तान, केवाला से खरीदी गई निजी जमीन तथा गैरमजरूआ आम सड़क की जमीन को भी शामिल कर लिया गया है.कब्रिस्तान की जमीन से संबंधित पर्चा निर्गत किए जाने की सूचना के बाद मुस्लिम समुदाय में आक्रोश का माहौल है.
मामले को लेकर समाजसेवी संजीव सिंह,जनसुराज पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष अमित कुमार,सीपीएम शाखा मंत्री देवनारायण महतो सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी बेगूसराय से पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
विदित हो कि विष्णुपुर पंचायत के सैदपुर चौक के पूरब और पश्चिम स्थित खतियानी कब्रिस्तान की जमीन खाता संख्या 547, खेसरा संख्या 848/1772 एवं 857 में दर्ज है.इसका कुल रकबा करीब 1 बीघा 18 कट्ठा 14 धूर है. खेसरा संख्या 848/1772 की जमीन के करीब डेढ़ कट्ठा हिस्से पर सैदपुर निवासी खाद व्यवसायी सुखदेव साह के पुत्र नंदकिशोर साह का कथित कब्जा है.इसी जमीन से संबंधित मामले में नंदकिशोर साह के अविवाहित पुत्र रितिक कुमार के नाम एक डिसमिल जमीन का बासगीत पर्चा निर्गत किया गया है.इसी तरह डीलर सुरेश साह के अविवाहित पुत्र रितेश कुमार के नाम भी पांच डिसमिल जमीन का पर्चा दिया गया है. खाद व्यवसायी,हार्डवेयर के दुकानदार सैदपुर के
नंदकिशोर साह को खाता 546खेसरा 146 में 46 डिसमिल का पर्चा दिए जाने का दावा किया गया है.
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि संबंधित परिवारों के पास पहले से पक्के मकान, व्यवसायिक प्रतिष्ठान, वाहन और पर्याप्त जमीन-जायदाद मौजूद है.ऐसे में उन्हें बसेरा अभियान के तहत पर्चा दिए जाने पर सवाल उठ रहे हैं.
शिकायतकर्ताओं ने विष्णुपुर के मिष्ठान एवं दही विक्रेता शंकर पोद्दार की पत्नी विभा देवी को भी बासगीत पर्चा दिए जाने का आरोप लगाया है.उनका कहना है कि संबंधित परिवार के पास पहले से तीन मंजिला मकान मौजूद है. वहीं शंकर पोद्दार के नाम दो अलग-अलग बासगीत पर्चे पूर्व में दिए जा चुके हैं.
सामाजिक कार्यकर्ताओं के मुताबिक अंचल कार्यालय के कर्मियों, अमीन एवं राजस्व कर्मचारियों द्वारा विष्णुपुर पंचायत के मनेरपुर, नीरपुर, देवपुरा और विष्णुपुर गांवों में करीब 149 लोगों को 12 जुलाई 2026 को पर्चा निर्गत करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.आरोप है कि इनमें कई ऐसे लोग शामिल हैं जो आर्थिक रूप से सक्षम हैं.शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि तत्कालीन अंचल अधिकारी सूरज कुमार, राजस्व कर्मचारी अवधेश पासवान एवं उनके पुत्र आनंद कुमार के कार्यकाल में भी विष्णुपुर पंचायत में कथित रूप से भू-माफिया एवं बिचौलियों की मिलीभगत से अपात्र लोगों को पर्चा दिए जाने का खेल चला.इसमें करोड़ों रुपये के लेन-देन का भी आरोप लगाया गया है.
पर्चा निर्गत किए जाने और विवादित जमीन को लेकर लगाए गए आरोपों के संबंध में अंचल अधिकारी, कार्यालय कर्मियों एवं राजस्व कर्मियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन सभी ने मामले पर चुप्पी साधे ली.अंचल अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया आवेदन मिलने पर जांच की जायेगी.
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी बेगूसराय से मांग की है कि विष्णुपुर पंचायत में बसेरा अभियान के तहत निर्गत किए गए सभी बासगीत पर्चों की स्थल जांच, दस्तावेजों की जांच और लाभुकों की आर्थिक स्थिति का सत्यापन कराया जाय.साथ ही यदि कब्रिस्तान, सड़क अथवा अन्य सार्वजनिक भूमि पर नियम विरुद्ध पर्चा निर्गत किया गया है तो उसे रद्द कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाय.
इस सिलसिले में अंचल अधिकारी ने मामले को लेकर अनभिज्ञता जाहिर की तथा आवेदन के आलोक में जांच कराने की बात की





