पांच दिनों में ₹50 से बढ़कर ₹65 प्रति किलो तक पहुंची चीनी, डीएम अविनाश सिंह ने अधिकारियों और स्टॉकिस्टों के साथ की समीक्षा बैठक
बरेली। जिले में चीनी की कीमतों में अचानक आई तेजी ने आम लोगों के साथ-साथ मिठाई, चाय और अन्य खाद्य कारोबार से जुड़े व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। बाजार में महज पांच दिनों के भीतर चीनी के दाम करीब ₹50 प्रति किलो से बढ़कर ₹65 प्रति किलो तक पहुंचने की बात सामने आई है। कीमतों में इस तेजी और जमाखोरी की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम अविनाश सिंह ने शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों और चीनी स्टॉकिस्टों के साथ समीक्षा बैठक कर बाजार में चीनी की उपलब्धता, स्टॉक और बिक्री की स्थिति की जानकारी ली।
दुकानदारों के मुताबिक थोक बाजार में चीनी के भाव तेजी से बढ़ने और माल की सप्लाई में देरी के कारण फुटकर बाजार में भी कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं। बढ़ी कीमतों का असर घरेलू उपभोक्ताओं के साथ हलवाई, चाय विक्रेताओं, होटल-रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य कारोबारियों पर भी पड़ रहा है। आगामी त्योहारों के दौरान चीनी की मांग और बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अभी से निगरानी बढ़ा दी है।
अधिकारियों और स्टॉकिस्टों को दिए सख्त निर्देश
डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस, खाद्य एवं रसद विभाग, एआर को-ऑपरेटिव, एआरएमओ, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जिले के प्रमुख चीनी स्टॉकिस्ट मौजूद रहे। बैठक में चीनी के मौजूदा स्टॉक, बाजार में उपलब्धता और सप्लाई व्यवस्था की समीक्षा की गई।
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी स्तर पर ओवररेटिंग, कालाबाजारी या जमाखोरी की शिकायत सामने आती है तो तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कृत्रिम रूप से कमी पैदा करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
4 हजार क्विंटल से ज्यादा स्टॉक पर होगी कार्रवाई
बैठक में बताया गया कि शासन के निर्देशों के अनुसार कोई भी व्यापारी निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रख सकता। प्रशासन के मुताबिक व्यापारी के पास 4 हजार क्विंटल से अधिक स्टॉक पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सभी संबंधित विभागों को थोक और फुटकर बाजारों में नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और उपलब्ध चीनी की जांच की जाए, ताकि बाजार में किसी प्रकार की कृत्रिम कमी पैदा न हो सके।
चीनी मिलों को तत्काल डिलीवरी के निर्देश
बाजार में सप्लाई सामान्य बनाए रखने के लिए डीएम ने चीनी मिलों को भी निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जिस चीनी की बिक्री पहले ही हो चुकी है, उसकी डिलीवरी संबंधित दुकानदारों और कारोबारियों तक तत्काल सुनिश्चित कराई जाए। इससे बाजार में चीनी की उपलब्धता बनी रहेगी और आपूर्ति में देरी के कारण कीमतों पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा।
प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर सभी संबंधित टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बाजार में चीनी की कीमतों और स्टॉक पर लगातार नजर रखी जाएगी। यदि किसी व्यापारी द्वारा जानबूझकर माल रोककर कीमतें बढ़ाने, निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण करने या उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूलने का मामला सामने आता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






