बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बारादरी पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार लेकर सम्राट अशोक नगर की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर रिंकू गिरि (23) निवासी संजयनगर, थाना बारादरी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा .315 बोर कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कोई काम नहीं करता, नशे का आदी है और लोगों में अपना रौब जमाने के लिए तमंचा साथ रखता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






