Home / News / बरेली पुलिस ने लौटाई जन्माष्टमी पर मुस्कान, 458 गुम हुए मोबाइल बरामद, 85 लाख रुपये की संपत्ति मालिकों को सौंपी

बरेली पुलिस ने लौटाई जन्माष्टमी पर मुस्कान, 458 गुम हुए मोबाइल बरामद, 85 लाख रुपये की संपत्ति मालिकों को सौंपी

बरेली । पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अगस्त में 458 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को जन्माष्टमी पर वापस सौंप दिए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई गई है। रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित रविंद्रालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध ने बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सुपुर्द किए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने बरेली पुलिस का आभार जताया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में जनपद की साइबर टीम, सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों ने संयुक्त रूप से कार्य किया। टीम ने
केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर पोर्टल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से गुम मोबाइलों को ट्रैक कर बरामद किया।
पुलिस के अनुसार जनवरी 2025 से अगस्त 2026 तक बरेली पुलिस कुल 6,638 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी अनुमानित कीमत 13.10 करोड़ रुपये है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि लोगों की गुम या चोरी हुई संपत्ति उन्हें वापस मिल सके।
अगस्त माह में सबसे अधिक 58 मोबाइल बहेड़ी थाना क्षेत्र से बरामद हुए। इसके बाद सुभाषनगर और इज्जतनगर से 32-32, कैंट से 27, कोतवाली से 25, बारादरी और आंवला से 24-24 तथा भमोरा से 23 मोबाइल बरामद किए गए। सभी थानों की संयुक्त कार्रवाई से कुल 458 मोबाइल रिकवर किए गए।

बरेली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल (ceir.gov.in) पर जाकर अपने मोबाइल को ब्लॉक करें, जिससे उसकी ट्रैकिंग और बरामदगी में आसानी हो सके।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now