बरेली। थाना कैण्ट पुलिस ने अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक 12 बोर का अवैध तमंचा, दो चाकू तथा वारदात में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद किए हैं।
पुलिस को गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर ठिरिया के जंगल से कृष्णा कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई की गई। इस दौरान मसबर पुत्र असगर, सरताज उर्फ अन्ना, अजीम उर्फ भूरा और जुबैर उर्फ जुम्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी समद पुत्र गुड्डू मास्टर मौके से फरार हो गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी मुलाकात जेल में हुई थी और तब से वे चोरी व डकैती जैसी वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। आरोपियों ने बताया कि वे एक नई चोरी की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
बरामदगी में एक अवैध तमंचा, दो चाकू, सब्बल, लोहे की नल की हथ्थी, बांसकटा, लोहे का सरिया और एक बैग शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से भी चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं।






