बांका: जिले के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का क्षण है कि ऐश्वर्या शुक्ला ने शतरंज के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए मंदार फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के दम पर अपनी अंतरराष्ट्रीय (FIDE) रेटिंग प्राप्त की है। इसके साथ ही वह बांका जिले की पहली बालिका बन गई हैं जिसने यह मुकाम हासिल किया है।
यह उपलब्धि उन्होंने मंदार महोत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रतिष्ठित फिडे रेटेड प्रतियोगिता में हासिल की, जहां देश के विभिन्न राज्यों से आए मजबूत और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच ऐश्वर्या ने अपने अद्भुत खेल कौशल, धैर्य और रणनीतिक सोच का परिचय दिया। इसके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इसे आधिकारिक (FIDE ID: 429078482) रेटिंग प्रदान की गई। इसकी अंतरराष्ट्रीय FIDE रेटिंग 1584 दर्ज की गई है, जो इसके उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करती है।
इस उपलब्धि पर जिला शतरंज संघ ने ऐश्वर्या की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि यह सफलता पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है और इससे विशेषकर बालिकाओं में शतरंज के प्रति रुचि और बढ़ेगी।
ऐश्वर्या ने अपनी सफलता पर कहा,
“मुझे बहुत खुशी है कि मैंने अपने जिले के लिए यह उपलब्धि हासिल की। यह मेरे लिए एक सपना था, जो अब पूरा हुआ है। मैं आगे और मेहनत कर भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करना चाहती हूं। इस सफलता का श्रेय मैं अपने कोच, माता-पिता और सभी सहयोगियों को देती हूं, जिन्होंने हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया।”
वहीं, खेल पदाधिकारी ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा,
“हमें अपनी खिलाड़ियों पर बहुत गर्व है। हम खिलाड़ियों को छोटी उम्र से प्रशिक्षण देने की व्यवस्था कर रहे हैं, जिससे वे खेल के प्रति गहरी रुचि विकसित कर सकें। ऐश्वर्या ने कम उम्र में ही जो उपलब्धि हासिल की है, वह उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है। इस प्रतियोगिता में बांका जिले के अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए नई अंतरराष्ट्रीय रेटिंग प्राप्त की। इनमें सचिन कुमार, ऋतिक रोशन, साद कलाम, यश आनंद तथा इशान निराला प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों की सफलता से यह स्पष्ट होता है कि जिले में शतरंज का स्तर लगातार ऊंचा हो रहा है और युवा प्रतिभाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
स्थानीय खेल प्रेमियों, अभिभावकों एवं शतरंज खिलाड़ियों ने भी ऐश्वर्या को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि निश्चित रूप से बांका जिले के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत । मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।
बांका की बेटी ऐश्वर्या शुक्ला ने रचा इतिहास, अंतरराष्ट्रीय रेटिंग हासिल कर बढ़ाया जिले का मान






