Home / Events / लोक शिकायत निवारण और लोक सेवा प्रदायगी में बाँका का डंका, राज्य में फिर बना अव्वल जिला

लोक शिकायत निवारण और लोक सेवा प्रदायगी में बाँका का डंका, राज्य में फिर बना अव्वल जिला

जिले की जनता को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बाँका जिला प्रशासन ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का शानदार परिचय दिया है। बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम एवं बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम के तहत जारी मई 2026 की राज्य स्तरीय मासिक रैंकिंग में बाँका जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लोक शिकायत निवारण में पूरे बिहार में प्रथम स्थान तथा लोक सेवा प्रदायगी में द्वितीय स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि प्रशासन की जवाबदेही, सतत निगरानी और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी रैंकिंग में बाँका ने शिकायतों के त्वरित निष्पादन और आम लोगों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित कर अपनी अलग पहचान बनाई है। लगातार शीर्ष पायदान पर बने रहना इस बात का प्रमाण है कि जिले में सुशासन केवल नारा नहीं, बल्कि कार्य संस्कृति का हिस्सा बन चुका है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता के अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम के तहत निर्धारित समय सीमा में सेवा उपलब्ध नहीं कराने पर बेलहर के राजस्व अधिकारी पर ₹6,000 का दंड अधिरोपित कर उसकी वसूली भी की गई। यह कार्रवाई प्रशासनिक जवाबदेही और अनुशासन की मिसाल मानी जा रही है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय काफी हद तक जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला के दूरदर्शी, संवेदनशील और परिणामोन्मुख नेतृत्व को जाता है। उनके नेतृत्व में बाँका प्रशासन ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक ऐसी कार्यप्रणाली विकसित की है, जिसमें शिकायतों का त्वरित समाधान और सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है। उनकी प्रशासनिक दक्षता और नवाचार आधारित सोच ने बाँका को राज्य स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
वहीं, अपर समाहर्ता सह लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी कुमार मिथिलेश प्रसाद सिंह के सतत अनुश्रवण, गंभीर कार्यशैली और हर मामले पर पैनी नजर ने इस सफलता को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने शिकायतों के निष्पादन को मिशन मोड में लेकर अधिकारियों और कर्मियों के बीच जवाबदेही की संस्कृति विकसित की, जिसका सकारात्मक परिणाम आज पूरे राज्य के सामने है।
इसके साथ ही जिला आईटी प्रबंधक प्रमोद कुमार चौधरी एवं जिले के सभी आईटी सहायक, कार्यपालक सहायकों और संबंधित कर्मियों की टीम भावना, मेहनत और समर्पण ने भी इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बाँका की यह सफलता न केवल जिला प्रशासन के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह पूरे राज्य के लिए एक उदाहरण भी है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और जनसेवा के प्रति समर्पण से प्रशासनिक व्यवस्था को किस तरह जनता के विश्वास का केंद्र बनाया जा सकता है। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।

Tagged:
[post-views]
Share
Now