कौशाम्बी। जनपद कौशाम्बी के थाना कोखराज क्षेत्र के भरवारी में शुक्रवार को लगे विशाल मेले में एक पांच वर्षीय बच्चा भीड़ में अपने पिता से बिछड़ गया। मेला घूमने आए लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मंझनपुर के समदा निवासी संतोष सोनी अपने पांच वर्षीय पुत्र सूरज सोनी के साथ भरवारी मेले में पहुंचे थे। मेला घूमते समय किसी तरह सूरज अपने पिता का हाथ छुड़ाकर भीड़ में खो गया। पिता को नजर न पाकर मासूम सूरज रोने लगा और इधर-उधर अपने पिता को खोजने लगा।
इसी दौरान सईगंज निवासी राजेंद्र पटेल की नजर रोते हुए बच्चे पर पड़ी। उन्होंने बच्चे को संभाला और भरवारी चौकी में तैनात सिपाही शिवांक मिश्रा तथा एसआई विकास सिंह को सूचना देकर बच्चे को उनके सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने मेले में बच्चे के पिता की तलाश शुरू की और कुछ देर बाद संतोष सोनी को खोज लिया। पिता से बच्चे की पहचान कराई गई, और जब सिपाही शिवांक मिश्रा व एसआई विकास सिंह पूरी तरह संतुष्ट हो गए कि यही बच्चे के पिता हैं, तब पूरा विवरण दर्ज कर बच्चे को सकुशल पिता के हवाले कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और राजेंद्र पटेल की तत्परता की सराहना की।
भरवारी मेले में बिछड़ा मासूम, पुलिस ने मिलवाया पिता से भरवारी पुलिस की लोगो ने की सराहना…






