भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के बीच इन दिनों माहौल गर्म है। शमी ने दो टूक कहा कि वे पूरी तरह फिट हैं और रणजी ट्रॉफी में बंगाल के लिए खेलकर इसे साबित कर रहे हैं। उनका कहना था कि फिटनेस की जानकारी देना उनका नहीं, बल्कि सेलेक्शन कमिटी का काम है। मैदान पर भी उन्होंने अपने प्रदर्शन से यह दिखा दिया—उत्तराखंड के खिलाफ मैच में 30 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए और चार मेडन ओवर फेंके।वहीं, अजीत अगरकर ने शमी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शमी भारतीय टीम के लिए एक शानदार परफॉर्मर रहे हैं, और अगर उन्होंने कुछ कहा है तो दोनों के बीच बात होनी चाहिए। अगरकर ने यह भी साफ किया कि इंग्लैंड दौरे से पहले शमी पूरी तरह फिट नहीं थे, इसलिए उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया था। अब जबकि घरेलू सीजन शुरू हो गया है, आने वाले वक्त में ही तय होगा कि शमी दोबारा टीम इंडिया की जर्सी पहनकर कब मैदान में उतरते हैं।






