अजमेर, 21 सितम्बर। ।
मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी अजमेर द्वारा स्थानीय डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में मुस्लिम प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 320 प्रतिभावान छात्रों और युवाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय मंसूरी समाज के प्रदेश अध्यक्ष हाजी महबूब भाई मंसूरी उपस्थित रहे। उनके साथ रास्ट्रीय सचिव हाजी गुलाम रसूल, राष्ट्रीय सेक्रेटरी अली भाई (भीलवाड़ा) और ऑल इंडिया मंसूरी समाज के अजमेर जिला अध्यक्ष हाजी हिसामुद्दीन मंसूरी साहब भी समारोह में विशेष रूप से शामिल हुए।
इस मौके पर सभी अतिथियों ने बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर करने की प्रेरणा दी। हाजी महबूब भाई ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और बच्चों को आगे बढ़ने का हौसला मिलता है। वहीं हाजी गुलाम रसूल ने कहा कि समाज को शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि आने वाली पीढ़ी आत्मनिर्भर और जागरूक बन सके।
समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन बेहद सुचारु और गरिमामय तरीके से किया गया, जिससे सभी उपस्थितजनों में उत्साह और गर्व की भावना देखने को मिली।
मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।






