दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में बड़ा तकनीकी खतरा टल गया। उड़ान के दौरान विमान के एक इंजन में खराबी आ गई, जिसके चलते पायलट को तुरंत कार्रवाई करते हुए मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट नंबर 6E-2195 ने दिल्ली से गोवा के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन हवा में ही एक इंजन ने काम करना बंद कर दिया। हालात को भांपते हुए पायलट ने सूझबूझ दिखाई और विमान को मुंबई डायवर्ट किया गया।मुंबई एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की अनुमति के बाद फ्लाइट की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। यात्रियों को दूसरे विमान से गोवा रवाना किया गया।DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। इंडिगो की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि “हमारी प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है और पायलट की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।”इंजन फेल होने की घटना ने फिर एक बार उड़ान सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं, लेकिन राहत की बात है कि इस बार पायलट की सूझबूझ से जान बच गई — वरना नतीजा कुछ और हो सकता था।






