15 दिन पहले जारी हुआ था नोटिस, दोबारा निरीक्षण में मिली पूरी मशीनरी
सहारनपुर। देहरादून रोड स्थित हरोड़ा में संचालित व्हीकल स्क्रैपिंग सेंटर पर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई की। पूर्व में हुई जांच के दौरान सेंटर पर जरूरी स्क्रैपिंग और जांच मशीनें नहीं मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने संचालकों को 15 दिन पहले नोटिस जारी किया था और सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए थे।
आरआई रोहित कुमार और पीटीओ वाणी विलास शुक्ला के नेतृत्व में विभागीय टीम ने व्हीकल स्क्रैपिंग सेंटर पर पहुंचकर दोबारा निरीक्षण किया। अधिकारियों के पहुंचते ही सेंटर पर हड़कंप मच गया। आरआई रोहित कुमार ने मशीनों और तकनीकी व्यवस्थाओं की गहन जांच की, जबकि पीटीओ वाणी विलास शुक्ला ने दस्तावेजों, सुरक्षा मानकों और संचालन प्रक्रिया का निरीक्षण किया। टीम ने सेंटर के पूरे संचालन सिस्टम की बारीकी से पड़ताल की।
बताया जा रहा है कि पिछले निरीक्षण के दौरान कई जरूरी मशीनें मौके पर नहीं मिली थीं, जिसके बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाया था। लगातार शिकायतें मिलने के कारण इस सेंटर को विभाग की निगरानी में रखा गया था। अब दोबारा हुई जांच में सभी जरूरी मशीनें मौके पर पाई गईं, जिसके बाद अधिकारियों ने मशीनों की कार्यप्रणाली और स्क्रैपिंग प्रक्रिया का भी परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आरआई रोहित कुमार और पीटीओ वाणी विलास शुक्ला ने स्पष्ट किया कि अंतिम रिपोर्ट तैयार होने और सभी मानकों की पुष्टि के बाद ही सेंटर को पूरी तरह संचालन की अनुमति दी जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना रहा और साफ संदेश गया कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट Naim.sagar








