उत्तर प्रदेश के संभल में हरिहर सेना की पदयात्रा को रोके जाने के बाद माहौल गरमा गया। पदयात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पहले से सतर्क था और रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर संतों और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की गई। लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई का पदयात्रा में शामिल लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
इस दौरान संतों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हुई। मामला उस वक्त और बढ़ गया, जब पदयात्रा में शामिल लोगों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की शुरू हो गई। प्रदर्शनकारी किसी भी हाल में पीछे हटने को तैयार नहीं थे। इसी बीच कुछ संतों और कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे की ओर बढ़ने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने से प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी हो गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस और संतों के बीच तनाव साफ नजर आया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई।
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की भूमिका और पदयात्रा को लेकर आगे की रणनीति पर नजर बनी हुई है। सवाल यह है कि आखिर हरिहर सेना की पदयात्रा को रोकने के पीछे प्रशासन की क्या वजह थी और इस हंगामे के बाद आगे क्या कार्रवाई होती है।





