लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
22 नवंबर को अकादमिक विभागों का होगा उद्घाटन, सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
समस्तीपुर । बिहार के स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के आगामी 22 नवंबर को सरायरंजन प्रखंड के नारघोगी स्थित मेडिकल कॉलेज आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज परिसर का संयुक्त निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, उद्घाटन स्थल, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समय से पूरा करने और कार्यक्रम को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री का आगमन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। मेडिकल कॉलेज के अकादमिक विभागों का उद्घाटन चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय विद्यार्थियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि अतिथियों एवं आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मेडिकल कॉलेज में प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जारी हैं। स्थानीय लोगों एवं मेडिकल कॉलेज प्रशासन में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।






