रामनगरी अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर से एक कश्मीरी व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि वह मंदिर के निकास द्वार के पास दक्षिणी परकोटे के समीप नमाज पढ़ने का प्रयास कर रहा था। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं और उसकी पृष्ठभूमि की जांच के लिए कश्मीर पुलिस से संपर्क किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर श्रीनगर के सोपिया निवासी 55 वर्षीय अबू अहमद शेख राम मंदिर के गेट डी-वन से प्रवेश कर रामलला के दर्शन के बाद निकास द्वार से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान वह दक्षिणी परकोटे के पास रुक गया। वहां मौजूद श्रद्धालुओं को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। वह फर्श पर बैठकर नमाज पढ़ने की कोशिश करने लगा, जिस पर श्रद्धालुओं ने उसे पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। कुछ श्रद्धालुओं ने उसके साथ मारपीट की कोशिश की, जिसे एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया। इसके बाद उसे पुलिस कंट्रोल रूम ले जाया गया।
कुछ लोगों ने मंदिर परिसर में इस्लामिक नारे लगाने का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई है। एटीएस, सीआरपीएफ, पीएसी और सिविल पुलिस की खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। व्यक्ति द्वारा परकोटे के पास कपड़ा बिछाने और नमाज के अंदाज में बैठने पर सुरक्षा एजेंसियों को शक हुआ। मंदिर परिसर की तलाशी ली गई है और निगरानी बढ़ा दी गई है।






