अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में 3-0 की करारी हार के बाद बांग्लादेश क्रिकेट टीम पर उनके ही देश में गुस्से का माहौल है। मेहदी हसन मिराज की कप्तानी में टीम पहले पांच विकेट, फिर 81 रन और आखिर में 200 रन से हारी। यह अफगानिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश की सबसे बड़ी हार मानी जा रही है। टीम जब सीरीज खत्म होने के बाद ढाका लौटी, तो वहां हूटिंग और नारों से खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ खिलाड़ियों की गाड़ियों पर पत्थर भी फेंके गए, जिसके बाद पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा देनी पड़ी।
इन घटनाओं से दुखी होकर युवा बल्लेबाज मोहम्मद नईम शेख ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी सिर्फ मैदान में नहीं उतरते, बल्कि अपने सीने पर देश का नाम लेकर उतरते हैं। हर रन, हर बॉल देश के गर्व के लिए खेली जाती है।
नईम ने लिखा कि हार जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन गाड़ियों पर हमला दिल तोड़ने वाला है। उन्होंने अपील की “नफरत नहीं, प्यार दो।” उनका कहना था कि बांग्लादेश का लाल-हरा झंडा गर्व का प्रतीक है, गुस्से का नहीं। यह पहली बार है जब अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को किसी वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। इस जीत से अफगानिस्तान का आत्मविश्वास बढ़ा है और उनकी 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों को बल मिला है। वहीं बांग्लादेश के लिए यह हार आत्ममंथन का समय बन गई है।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






