Home / News / ग्राम तिलकेजा में 19 दिसंबर को लगेगा जनसमस्या निवारण शिविर-ग्रामीणों को मिलेगी राहत

ग्राम तिलकेजा में 19 दिसंबर को लगेगा जनसमस्या निवारण शिविर-ग्रामीणों को मिलेगी राहत

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
कोरबा//भारत सरकार द्वारा सुशासन सप्ताह 19 से 24 दिसंबर तक देशभर में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रशासन गाँव की ओर अभियान के तहत 19 दिसंबर 2025 को ग्राम पंचायत तिलकेजा में जनपद स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जा रहा है।
उक्त शिविर का आयोजन भारत भवन परिसर में सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। इस शिविर में जिला और जनपद स्तर के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। जिनमें ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, पेंशन, राशन, आवास, बिजली, पेयजल, सड़क, राजस्व, भूमि हस्तांतरण, किसान-संबंधी योजनाएँ, श्रम और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों द्वारा आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा लंबित समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रशासनिक अमला गांव पहुँचकर ग्रामीणों की समस्याएँ सीधे सुनेगा, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिविर में नामांतरण, पात्रता की जाँच, पात्र/अपात्र सूची अपडेट, राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएँ, पीएम आवास व अन्य योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी देखी जाएगी। जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, बीएलओ, पटवारी, ग्रामीण सचिव, बिजली विभाग, पेयजल विभाग, सामाजिक न्याय विभाग सहित कई अधिकारी इस शिविर में उपस्थित रहेंगे। शिविर में ग्रामीणों को ऑन-स्पॉट समाधान, पंजीयन, ऑनलाइन प्रक्रिया और दस्तावेज़ सत्यापन की सुविधा मिलेगी। इस शिविर से ग्रामीणों को राहत मिलेगी, क्योंकि वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ी है।
जनपद सीईओ खगेश निर्मलकर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सुशासन को गाँव स्तर पर मजबूत करना, पारदर्शिता बढ़ाना और लोगों तक सरकारी सेवाएँ सीधे पहुँचाना है। शिविर में अधिक से अधिक ग्रामीणों से पहुँच कर अपनी समस्याएँ दर्ज कराने की अपील की गई है ताकि प्रशासन त्वरित समाधान सुनिश्चित कर सके।

Tagged:
[post-views]
Share
Now