Home / News / मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

दुधालिया में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन एवं जनसभा का होगा आयोजन

सभी अधिकारी मुस्तैदी से सम्पूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें- संभागीय आयुक्त

झालावाड़, 18 दिसम्बर। राज्य सरकार के कार्यकाल के 2 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर झालावाड़ जिले के डग क्षेत्र में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन एवं जनसभा का आयोजन आगामी 22 दिसम्बर को प्रस्तावित है। इस संबंध में गुरूवार को संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में संभागीय आयुक्त ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 22 दिसम्बर को झालावाड़ के डग क्षेत्र स्थित ग्राम दुधालिया में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन एवं जनसभा का आयोजन होना है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को बेहतर कार्ययोजना के अनुरूप इस आयोजन को लेकर व्यापक व्यवस्थाएं एवं तैयारियां सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने विभागवार दायित्व विभाजन के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन स्थल पर मुख्यमंत्री द्वारा मनरेगा उद्यान, बायोगैस प्लांट एवं गौशाला का लोकार्पण सहित अन्य उद्घाटन एवं लोकार्पण, शिलान्यास एवं लाभार्थियों को लाभ प्रदान किए जाएंगे। साथ ही सूचना एवं सम्पर्क विभाग के माध्यम से जिले में महिला सशक्तिकरण को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी तथा राजीविका, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, पशुपालन विभाग एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा महिलाओं द्वारा किए जा रहे विभिन्न आजीविका एवं स्वरोजगार गतिविधियों के प्रदर्शन हेतु लगभग 25 स्टॉल लगाए जाएंगे।

संभागीय आयुक्त ने सम्पूर्ण कार्यक्रम का समन्वय एवं निगरानी, वीआईपी प्रोटोकॉल की अनुपालना, विभागीय समन्वय एवं समय प्रबंधन, मंच व्यवस्था एवं कार्यक्रम संचालन की निगरानी हेतु अतिरिक्त जिला कलक्टर को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। वहीं कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल, हैलीपैड एवं जनसभा स्थल पर सुरक्षा घेरा हेतु पुलिस विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया।

इस दौरान कार्यक्रम स्थल, मंच, बैरिकेडिंग एवं पहुँच मार्ग की तैयारी, हैलीपैड की तैयारी एवं सुरक्षा मानकों की पालना तथा अस्थायी संरचनाओं की मजबूती सुनिश्चित करने हेतु सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को संबंधित निर्देश प्रदान किए। वहीं आयोजन स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, जनरेटर एवं वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था मंच एवं स्टॉल क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था करने हेतु जेवीवीएनएल के अधिकारी तथा प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र की स्थापना, एम्बुलेंस एवं चिकित्साकर्मियों की तैनाती तथा आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्थाओं हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी।

उन्होंने आयोजन स्थल पर व्यापक साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता निगरानी की सम्पूर्ण तैयारी के लिए नगर परिषद् के अधिकारी को कहा। इसके साथ ही राजीविका के परियोजना समन्वयक को महिला स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता, महिला सशक्तिकरण स्टॉलों का समन्वय एवं महिलाओं की उपस्थिति एवं प्रदर्शन व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए।

संभागीय आयुक्त ने कृषि, उद्योग, पशुपालन एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को विभागीय स्टॉलों की स्थापना एवं सज्जा, महिला नवाचारों एवं आजीविका गतिविधियों के प्रदर्शन एवं विभागीय अधिकारियों की तैनाती के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव, जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भूदयाल मीणा, उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ अभिषेक चारण सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now