Home / News / भोजीपुरा में किराना व्यापारी की अपहरण के बाद चाकुओं से गोदकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव, जमीन विवाद में तीन नामजद

भोजीपुरा में किराना व्यापारी की अपहरण के बाद चाकुओं से गोदकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव, जमीन विवाद में तीन नामजद

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौराटांडा गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। 60 वर्षीय किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। उनका खून से लथपथ शव विवियापुर रोड किनारे मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे वार के निशान मिले हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पहले सियाराम को फोन कर गांव से बाहर बुलाया गया, इसके बाद उनका अपहरण कर चाकुओं से गोदकर और गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।

परिजनों के अनुसार सियाराम श्रीवास्तव रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब छह बजे टहलने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार के लोग उनकी तलाश करने ही वाले थे कि करीब सात बजे एक ई-रिक्शा चालक ने सूचना दी कि विवियापुर रोड किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां सियाराम श्रीवास्तव का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव को देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

मृतक के बेटे अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि गांव के ही लालाराम, संजीव और महेंद्र से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हो चुकी थी और आरोपियों ने पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी। अर्जुन का कहना है कि शुक्रवार सुबह आरोपियों ने फोन कर उनके पिता को गांव से बाहर बुलाया। इसके बाद उनका अपहरण कर लिया गया और सुनसान स्थान पर ले जाकर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया गया। आरोप है कि हमलावरों ने गला भी काट दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही भोजीपुरा थाना पुलिस, सीओ हाईवे देवेश सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास से साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

वारदात के बाद धौराटांडा गांव में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार घटनास्थल तथा मृतक के घर पर जमा हो गए। परिजनों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। उनका कहना है कि यदि आरोपियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार न्याय के लिए बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।

मृतक के बेटे अर्जुन सिंह ने बताया कि उनके पिता गांव के सम्मानित व्यापारी थे और वर्षों से किराना का कारोबार कर रहे थे। जमीन विवाद को लेकर लगातार मिल रही धमकियों की जानकारी पहले भी परिवार को थी, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि विवाद इतना बढ़ जाएगा कि उनकी हत्या कर दी जाएगी।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने हत्या के पीछे की वजह और सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मोबाइल कॉल डिटेल भी जांच के दायरे में ली गई है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now