कोरबा शिवम अग्रवाल की रिपोर्ट
कोरबा//हनुमान जयंती के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित गांधी चौक के पंचमुखी हनुमान मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान हनुमान का दिव्य श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुई। इसके पश्चात भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तगण बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुए। वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और “जय श्री राम” तथा “बजरंगबली की जय” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस विशेष अवसर पर विशाल भोग-भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति द्वारा सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से समाजसेवी पवन शर्मा, प्रकाश अग्रवाल एवं गांधी चौक उत्सव समिति के सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही शहर के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
गांधी चौक उत्सव समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा।







