झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
📩 RPSC SI परीक्षा 2026 हेतु एक प्रेरक पत्र
प्रिय भावी अधिकारी,
सादर शुभकामनाएँ।
आगामी 5 एवं 6 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली RPSC Sub Inspector परीक्षा के लिए आप सभी को हृदय से शुभकामनाएँ। यह आपके जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ है, जहाँ आपकी मेहनत, धैर्य और रणनीति की वास्तविक परीक्षा होने जा रही है।
सबसे पहले यह समझ लें कि इस पूरी चयन प्रक्रिया की नींव केवल और केवल लिखित परीक्षा है। आगे के फिजिकल और इंटरव्यू चरण तभी मायने रखते हैं, जब आप इस प्रथम चरण को सफलतापूर्वक पार कर लेते हैं। इसलिए इस समय आपका पूरा फोकस केवल लिखित परीक्षा पर होना चाहिए।
अंतिम दिनों की तैयारी को कभी हल्के में न लें। कई बार परीक्षा से ठीक पहले किया गया फोकस्ड और स्मार्ट रिवीजन, लंबे समय की तैयारी से भी बेहतर परिणाम दे देता है। विशेष रूप से हिंदी का पेपर आपके लिए स्कोर बढ़ाने का सुनहरा अवसर है। यदि आपकी व्याकरण और भाषा पर पकड़ अच्छी है, तो इसे अपनी ताकत बनाइए। वहीं, जिन अभ्यर्थियों को हिंदी में थोड़ी कठिनाई है, वे प्रशासनिक शब्दावली और महत्वपूर्ण टॉपिक्स का त्वरित रिवीजन कर अपने अंक बढ़ा सकते हैं।
सामान्य ज्ञान के सेक्शन में आज के ट्रेंड को समझना बेहद जरूरी है। राजस्थान की आर्थिक समीक्षा, नवीन बजट, भारत की आर्थिक समीक्षा, सरकारी योजनाएँ, SUJAS बुलेटिन तथा समसामयिक मुद्दे,ये सभी अत्यंत महत्वपूर्ण स्रोत हैं। यदि आपने इन प्रामाणिक स्रोतों से तैयारी की है, तो परीक्षा में सफलता की संभावना स्वतः ही बढ़ जाती है।
रीजनिंग, मेंटल एबिलिटी, इतिहास, भूगोल, संविधान और विज्ञान जैसे विषयों का अध्ययन आप पहले ही कर चुके हैं। अब आवश्यकता है केवल उन्हें पुनः दोहराने और अपने आत्मविश्वास को मजबूत करने की। इस समय नया पढ़ने की बजाय, जो पढ़ा है उसी को मजबूत करना अधिक लाभकारी रहेगा।
प्रिय अभ्यर्थियों, यह भी ध्यान रखें कि हर व्यक्ति की क्षमता, समझ और तैयारी का स्तर अलग होता है। इसलिए किसी और से तुलना करने की आवश्यकता नहीं है। अपनी ताकत को पहचानिए और उसी के अनुसार अपनी अंतिम रणनीति तैयार कीजिए। जो विषय आपके मजबूत हैं, उनमें अधिक स्कोर सुनिश्चित करें और जो कमजोर हैं, उन्हें संतुलित रूप से सुधारें।
मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। अत्यधिक तनाव या थकान आपकी तैयारी को प्रभावित कर सकती है। पर्याप्त विश्राम लें, सकारात्मक सोच बनाए रखें और स्वयं पर विश्वास रखें।
इतिहास गवाह है कि सही दिशा में की गई मेहनत, कम समय में भी बड़े परिणाम दे सकती है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, लेकिन सही रणनीति, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास आपको लक्ष्य तक अवश्य पहुँचाते हैं।
अंत में बस इतना ही कहना है,
यदि आपके भीतर लक्ष्य के प्रति जुनून है, तो कोई भी परीक्षा कठिन नहीं है। पढ़ाई को बोझ नहीं, बल्कि अपने सपनों की ओर बढ़ते हुए एक अवसर के रूप में देखें।
आप सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए पुनः हार्दिक शुभकामनाएँ।
जनहित में इस संदेश को अधिक से अधिक अभ्यर्थियों तक अवश्य पहुँचाएँ, क्योंकि सशक्त युवा ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं।
✍️ डॉ नयन प्रकाश गांधी एलुमनाई अंतर्राष्ट्रीय जनसंख्या विज्ञान संस्थान मुंबई ,इंटरनेशनल एनएलपी लाइफ करियर कोच ,पूर्व कंसलटेंट ग्रामीण विकास राज.सरकार एवं स्टेट प्रोग्राम ऑफिसर (जीवनांक) आर्थिकी सांख्यिकी निदेशालय,योजना भवन जयपुर








