पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया गया है कि उन्हें पाक रेंजर्स ने गिरफ्तार किया है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के अध्यक्ष इमरान खान को इस्लामाबाद हाई कोर्ट के बाहर गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई पाकिस्तान रेंजर्स की ओर से की गई है। इमरान जब अल-कादिर ट्रस्ट मामले में पेशी के लिए हाईकोर्ट पहुंचे, तभी उन्हें पाक रेंजर्स ने अपनी गिरफ्त में ले लिया।
लाइव अपडेट
भारत ने बनाई पैनी नजर
भारतीय सुरक्षा बल पाकिस्तान के हालात पर वहां की गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए हैं। नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बलों की ओर से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। रक्षा सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी गई।
पाक गृह मंत्री ने कही यह बात
पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने मंगलवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को भ्रष्टाचार के एक मामले में राष्ट्रीय खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सनाउल्लाह ने कहा कि अल-कादिर ट्रस्ट मामले में एनएबी (राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो) ने उनकी गिरफ्तारी की है। गिरफ्तारी गुण-दोष के आधार पर की गई है और वह भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी की हिरासत में हैं।
इमरान पर 140 से अधिक मामले दर्ज
इमरान की गिरफ्तारी के दौरान अदालत में मौजूद बैरिस्टर गौहर खान ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री को प्रताड़ित किया गया। उन्होंने इमरान के सिर और पैर पर वार किया। गिरफ्तारी के दौरान उनकी व्हीलचेयर भी फेंक दी गई। इमरान खान वर्तमान में आतंकवाद, ईशनिंदा, हत्या, हिंसा, हिंसा के लिए उकसाने से संबंधित 140 से अधिक मामलों का सामना कर रहे हैं