Home / News / विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला-2026 की तैयारियां तेज, DM लगातार कर रहे निरीक्षण और समीक्षा

विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला-2026 की तैयारियां तेज, DM लगातार कर रहे निरीक्षण और समीक्षा

सैयद शकील हैदर, वरिष्ठ संवाददाता, छपरा

विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के भव्य एवं सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन, सारण द्वारा युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। जिला पदाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव स्वयं लगातार मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की प्रगति का जायजा ले रहे हैं तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा कर रहे हैं।

इसी क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा मेला परिसर में प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित मुख्य पंडाल, मुख्य मंच (स्टेज) एवं विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन हेतु निर्धारित स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्य पंडाल, मंच, बैठक व्यवस्था, साज-सज्जा, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां सुव्यवस्थित एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। सभी व्यवस्थाएं इस प्रकार सुनिश्चित की जाएं कि मेला के विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो तथा सभी कार्यक्रम निर्धारित रूपरेखा के अनुसार सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।

निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा मेला क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पंडाल निर्माण, मंच सज्जा एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं।

मेला की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को आकर्षक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं, खेलकूद प्रतियोगिताओं, कला प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य आयोजनों की तैयारियों की भी लगातार समीक्षा की जा रही है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि सभी प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा, आयोजन स्थल, आवश्यक संसाधन तथा प्रतिभागियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पूर्व से ही समुचित तैयारी सुनिश्चित करें, ताकि मेला में आने वाले लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिल सके।

पंडालों एवं विभिन्न आयोजन स्थलों के निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाएं तथा सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था एवं विद्युत सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक प्रावधानों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

माननीय मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा को लेकर सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल पर विशेष ध्यान

हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी की संभावित यात्रा के मद्देनजर भी जिला प्रशासन द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस संदर्भ में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, प्रवेश एवं निकास मार्गों, पार्किंग व्यवस्था तथा अन्य प्रोटोकॉल संबंधी पहलुओं की विशेष रूप से समीक्षा की जा रही है। संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ एवं त्रुटिरहित रखने का निर्देश दिया गया है।

जिला पदाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आपसी समन्वय के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें ।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now