लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार एवं जागरूकता अभियान चलाने पर जोर
समस्तीपुर । आगामी निर्वाचक सूची पुनरीक्षण के तहत दिव्यांग मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने एवं मतदान प्रक्रिया को सुलभ बनाने को लेकर गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, समस्तीपुर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय District Monitoring Committee on Accessible Election (DMCAE) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में दिव्यांग मतदाताओं के पंजीकरण, पहचान, मतदाता सूची में नाम जोड़ने तथा जागरूकता अभियान चलाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला स्तर पर DMCAE समिति का गठन किया गया है। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान दिव्यांग मतदाताओं (PwDs) को मतदाता सूची में निबंधित कराने के लिए जिले में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।
प्रारूप निर्वाचक सूची के प्रकाशन के बाद समस्तीपुर जिले में कुल 36,451 दिव्यांग मतदाता चिह्नित किए गए हैं। इनमें दृष्टिबाधित 5,951, चलने-फिरने में कठिनाई वाले 14,518, वाणी एवं श्रवण बाधित 4,179 तथा अन्य श्रेणी के 11,803 मतदाता शामिल हैं।
बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6, नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 तथा मतदाता विवरण में संशोधन के लिए प्रपत्र-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया गया है। दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा।
छूटे हुए दिव्यांग मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए चलेगा अभियान
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के ऐसे दिव्यांगजन जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें चिह्नित कर सूची में शामिल कराया जाए। इसके लिए वोटर सर्विस पोर्टल, वोटर हेल्पलाइन तथा सक्षम ऐप के माध्यम से दिव्यांग मतदाताओं की पहचान एवं पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांग मतदाता पंजीकरण से वंचित न रह जाए।
दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जन को विशेष शिविर आयोजित करने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, बाबा गरीबनाथ विकलांग-सह-जनसेवा संस्थान मुजफ्फरपुर के प्रतिनिधि, सरकारी अधिवक्ता सुरेन्द्र कुमार झा, PWDs ICON-सह-प्रधानाध्यापक आदर्श मध्य विद्यालय रोसड़ा रंजीत कुमार सहनी एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी समस्तीपुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।







