अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
कोरबा//चर्च ऑफ क्राईस्ट – रेव्ह. राजकुमार दान मिनिस्ट्री, निहारिका कोरबा के तत्वावधान में 12 नवंबर 2026 को एक दिवसीय मसीही महिला सभा एवं संध्या विशेष आराधना का भव्य आयोजन उत्साह और आत्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में मसीही समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का वातावरण प्रार्थना, आराधना और आत्मिक संदेशों से भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना महंत, उनके सुपुत्र श्री सूरज महंत एवं पूर्व विधायक श्री मोहित केरकेट्टा विशेष रूप से उपस्थित हुए। आयोजक मंडली ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर आयोजित मसीही महिला सभा में मुख्य वक्ता रेव्ह. सीमा गोस्वामी ने बाइबल के 1 तीमुथियुस 3:11 के वचन के आधार पर महिलाओं के चरित्र, गंभीरता, आत्मिक जागरूकता, विश्वासयोग्यता एवं परमेश्वर के प्रति समर्पित जीवन के महत्व पर विस्तार से संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मसीही महिला को अपने जीवन में विश्वास, पवित्रता, गंभीरता और सच्चाई बनाए रखते हुए परिवार, समाज एवं कलीसिया में एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।
वहीं संध्या विशेष आराधना में मुख्य वक्ता डॉ. अर्पित लाल ने बाइबल के 1 तीमुथियुस 4:1 के आधार पर आत्मिक चुनौतियों, भरमाने वाली शिक्षाओं तथा सच्चे विश्वास में दृढ़ बने रहने का संदेश दिया। उन्होंने विश्वासियों को परमेश्वर के वचन के अनुसार जीवन जीने और आत्मिक रूप से सदैव जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सामूहिक आराधना, प्रार्थना एवं आत्मिक संदेशों के माध्यम से उपस्थित लोगों ने सहभागिता की। संपूर्ण आयोजन उत्साह, उल्लास और आत्मिक आशीष के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कोरबा में भव्य मसीही महिला सभा एवं विशेष आराधना संपन्न, सांसद ज्योत्स्ना महंत सहित कई अतिथि हुए शामिल






