Home / Local / जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने विशेष अभियान

जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने विशेष अभियान

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट

आमाटिकरा में 76 आवासों की धीमी प्रगति पर जनपद के 22 कर्मचारियों ने घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों को दी समझाइश, नोटिस जारी

पोड़ी उपरोड़ा//प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने एवं आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से आज जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा द्वारा हाथी प्रभावित ग्राम पंचायत आमाटिकरा में विशेष अभियान चलाया गया।

ग्राम पंचायत आमाटिकरा में कुल 76 आवास ऐसे पाए गए, जिनमें निर्माण कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी थी अथवा कार्य बंद पड़े थे। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत के सभी 22 कर्मचारियों की टीम ने हितग्राहियों के घर-घर पहुंचकर उनसे सीधे संवाद किया। टीम द्वारा हितग्राहियों को आवास निर्माण शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए समझाइश दी गई।

इस दौरान आवास निर्माण में लापरवाही बरतने अथवा कार्य प्रारंभ नहीं करने वाले हितग्राहियों को नोटिस जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे तीन दिवस के भीतर अपने स्वीकृत आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ करें। निर्धारित समयावधि में कार्य प्रारंभ नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार राशि की वसूली सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जनपद पंचायत का उद्देश्य केवल नोटिस जारी करना नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों को जागरूक कर उनके पक्के आवास का सपना शीघ्र पूरा कराना है। इसके साथ ही, आवास निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी लेकर हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना भी अभियान का प्रमुख हिस्सा रहा।

जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में लापरवाही एवं अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा। आवास निर्माण की प्रगति बढ़ाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर सतत निगरानी एवं हितग्राहियों से नियमित संपर्क जारी रहेगा।

जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा का संकल्प — प्रत्येक पात्र परिवार को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराना।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now