रजत मल्होत्रा
संभल / गुन्नौर। उत्तर प्रदेश के संभल जिले के गुन्नौर क्षेत्र से एक अनूठी और प्रेरणादायी पदयात्रा की शुरुआत हुई है, जो इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। भाजपा नेता बिजेंद्र सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपनी अटूट आस्था और सम्मान को दर्शाने के लिए एक अनोखा संकल्प लिया है।
बिजेंद्र सिंह यादव एक ठेली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विशेष रूप से तैयार की गई प्रतिमाओं को सजाकर पैदल ही लखनऊ के लिए रवाना हुए हैं। उनकी ठेली पर सजी दोनों नेताओं की प्रतिमाएं बेहद आकर्षक लग रही हैं।
लखनऊ में सीएम योगी को भेंट करेंगे प्रतिमा
बिजेंद्र यादव ने बताया कि उनका संकल्प है कि वे पैदल चलकर लखनऊ पहुंचेंगे और ये दोनों प्रतिमाएं स्वयं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट करेंगे। उनका कहना है कि पीएम मोदी और सीएम योगी ने देश और प्रदेश के लिए जो कार्य किए हैं, वह अद्वितीय है, इसी से प्रेरित होकर वह यह पदयात्रा कर रहे हैं।
दिव्य प्रकाश यादव ने दिखाई हरी झंडी
इस अनूठी पदयात्रा की शुरुआत के अवसर पर भाजपा नेता दिव्य प्रकाश यादव विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया और बिजेंद्र सिंह यादव का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा कार्यकर्ताओं के समर्पण का प्रतीक है।
सड़क पर आकर्षण का केंद्र बनी यात्रा
गुन्नौर से शुरू हुई यह पदयात्रा जैसे-जैसे सड़क मार्ग से आगे बढ़ रही है, लोगों के बीच आकर्षण और कौतूहल का केंद्र बनती जा रही है। ठेली पर सजी मोदी और योगी की प्रतिमाओं को देखने के लिए राहगीर रुक रहे हैं और इस अनोखी यात्रा की सराहना कर रहे हैं।






