बांका। लकड़ीकोला पंचायत के महेशाडीह पंचायत भवन में संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर विकास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने की। डीएम की पहल पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे ग्रामीणों के दरवाजे तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए जिला मुख्यालय और सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
शिविर में राशन कार्ड, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आंगनबाड़ी सेवाएं, जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड समेत 22 जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित काउंटर लगाए गए। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभुकों से मौके पर ही आवेदन भी प्राप्त किए गए।
इस दौरान डीएम अंशुल अग्रवाल ने विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभुकों के बीच योजनाओं का लाभ वितरित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
डीएम अंशुल अग्रवाल की इस पहल की खास बात यह रही कि प्रशासन खुद ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को आसान बना रहा है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और उत्साह देखने को मिला।
डीएम ने कहा कि संत रविदास जी के समानता, भाईचारे और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के संदेश से प्रेरणा लेते हुए विकास शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक गुरुवार को आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान और पात्र लाभुकों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।
कुल मिलाकर, डीएम अंशुल अग्रवाल की गांव तक प्रशासन को पहुंचाने की पहल ग्रामीणों के लिए सरकारी योजनाओं तक पहुंच आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई है। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।









