बच्चे को डसा था सांप ने… एंटी वेनम की जगह लगा दिया एंटी रेबीज का इंजेक्शन
रजत मल्होत्रा
संभल। जिला अस्पताल में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। मूसापुर के चार साल के बच्चे को सांप ने डसा था। परिजन चीख-चीखकर कहते रहे लेकिन जिला अस्पताल के स्टाफ ने चूहा काटने का मामला मानते हुए एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगा दिया।
हालत बिगड़ने पर परिजनों ने बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने सांप के डसने का मामला मानते हुए इलाज शुरू कर दिया है। हालत नाजुक है। वहीं, सीएमएस ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है।
दोपहर करीब 1:30 बजे मूसापुर गांव निवासी अबुल हसन का चार वर्षीय बेटा अदीब घर के आंगन में कंचे खेल रहा था। अबुल ने बताया कि कंचा दीवार के छेद में चला गया, जिसमें हाथ डालते ही सांप ने बच्चे को डस लिया था।
परिवार के लोग अदीब को संभल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अबुल हसन का आरोप है कि सांप के डसने की जानकारी देने के बाद भी जिला अस्पताल के स्टाफ ने बेटे को दर्द की दवा और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगा दिया। स्टाफ चूहे या ततैया के काटने का मामला मानता रहा।
पर्चा बनाने के बाद ही स्टाफ को सांप के डसने की दी थी जानकारी
बच्चे के चाचा तबारक हुसैन ने बताया कि अस्पताल में पर्चा बनाने के बाद ही स्टाफ को बताया गया था कि सांप ने काटा है, लेकिन स्टाफ ने अनसुना किया और एंटी रेबीज इंजेक्शन लगा दिया। जो दवाई साथ दी गई थी, उसे खाने के बाद हालत बिगड़ गई। दोबारा अस्पताल पहुंचे तो संतोषजनक जवाब न देकर रेफर कर दिया। इसके बाद ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया और वहां भी निजी चिकित्सक ने सांप काटने की पुष्टि की। अब सांप काटे का उपचार चल रहा है। दो दिन से बच्चा आईसीयू में भर्ती है।
समिति करेगी जांच, इमरजेंसी चिकित्सक बोले- मुझे तो जानकारी ही नहीं
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही जांच शुरू कराई है। तीन सदस्यीय समिति का गठन कर दिया है, जिसमें डॉ. राजेश कुमार, डॉ. संदीप सिंह और डॉ. अजफर कमाल शामिल हैं। बृहस्पतिवार तक रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं इमरजेंसी में ड्यूटी करने वाले चिकित्सक डॉ. चमन प्रकाश ने बताया कि उनको बच्चे के अस्पताल आने की जानकारी ही नहीं है।
डॉक्टर का बयान – बच्चा आईसीयू में भर्ती है। उसके जो लक्षण हैं, वह सांप काटने के हैं। गले और पेट में दर्द है। सीधे हाथ की उंगली में स्नेक बाइट के निशान हैं। बच्चे को एंटी वेनम दे दी गई है लेकिन हालत में सुधार नहीं है। – डॉ. रियाज, हसीना बेगम अस्पताल





