लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) की समस्तीपुर जिला इकाई की ओर से 17 सितंबर को ‘बेरोजगारी दिवस’ के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संगठन की ओर से अनुमंडल पदाधिकारी, समस्तीपुर सदर को दिए गए पत्र में कार्यक्रम की जानकारी दी गई है।
पत्र के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे जिला कलेक्ट्रेट, समस्तीपुर के समीप कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। NSUI कार्यकर्ताओं की ओर से प्रतीकात्मक रूप से पकौड़ा तलकर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन के जिला अध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने पत्र में कहा है कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने से जुड़े वादों के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा डिग्री और शैक्षणिक योग्यता हासिल करने के बाद भी रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं की रोजगार संबंधी मांगों को सामने रखने की बात कही गई है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा तथा किसी प्रकार का पुतला दहन नहीं किया जाएगा। NSUI ने प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति देने के साथ स्थल पर आवश्यक विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
कार्यक्रम के संबंध में पत्र की प्रतिलिपि जिला अधिकारी, नगर थाना समस्तीपुर तथा कांग्रेस की जिला शहरी एवं ग्रामीण कमेटी को भी दी गई है।







