नाला-पुलिया से निकासी बाधित होने का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार
बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के दभौरा खंजनपुर गांव में जलनिकासी बाधित होने से आधे गांव में भीषण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई घरों में दो से तीन फीट तक पानी घुस गया है, जबकि स्कूल, दुकानें और गांव के रास्ते भी जलमग्न हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नैनीताल हाईवे के पास बनी पुलिया और नाले से पानी की पर्याप्त निकासी नहीं होने के कारण बारिश के साथ आसपास का पानी गांव में जमा हो रहा है। प्रभावित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर जलनिकासी कराने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
अनुसूचित जाति बस्ती में हालात ज्यादा खराब
ग्रामीणों के अनुसार गांव की अनुसूचित जाति बस्ती जलभराव से सबसे अधिक प्रभावित है। कई मकानों के अंदर दो से तीन फीट तक पानी जमा है। लगातार पानी भरा रहने से लोगों को मकानों के क्षतिग्रस्त होने का डर सता रहा है। बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी जल्द नहीं निकाला गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों के मुताबिक समस्या को लेकर पहले भी जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके बाद नायब तहसीलदार और लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
स्कूल और दुकानें भी पानी में डूबीं
ग्राम प्रधान केसरी लाल के अनुसार आधे गांव में पानी भरा हुआ है। स्कूल परिसर जलमग्न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जबकि कई गल्ले की दुकानों में भी पानी घुस गया है। उन्होंने बताया कि बारातघर के निर्माण के दौरान नाले में छोटे पाइप लगाए गए हैं, जिनसे पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं निकल पा रहा है।
प्रधान का कहना है कि नाले की दोबारा खुदाई कराकर पानी के लिए पर्याप्त रास्ता बनाया जाए तो ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल सकती है।
हाईवे की पुलिया के पास निकासी बाधित होने का आरोप
ग्रामीण ओमपाल सिंह गंगवार ने आरोप लगाया कि नैनीताल हाईवे की पुलिया के पास जलनिकासी बाधित है। इससे हाईवे और गांव दोनों तरफ का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। उनका दावा है कि गांव के कुछ हिस्सों में कमर तक पानी जमा है। हालात ऐसे हैं कि कुछ परिवारों को चारपाइयों पर बैठकर खाना बनाने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण मुन्नालाल ने आरोप लगाया कि श्रीजी बैंक्वेट हॉल और आसपास हुए निर्माण के कारण नाले से पानी की निकासी प्रभावित हुई है। उन्होंने प्रशासन से नाला खुलवाने और पानी निकालने की व्यवस्था कराने की मांग की है।
मुन्नालाल का यह भी आरोप है कि जलनिकासी के लिए मौके पर जेसीबी पहुंची थी, लेकिन एक संबंधित व्यक्ति ने काम रुकवा दिया। उन्होंने धमकाने और बंदूक दिखाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
घरों में दो से तीन फीट पानी, मकानों में दरार का दावा
ग्रामीण महिला सावित्री देवी ने बताया कि उनके घर समेत बस्ती के कई मकानों में दो से तीन फीट तक पानी भरा हुआ है। इससे बच्चों और अन्य परिजनों को भारी परेशानी हो रही है। परिवारों को खाना बनाने और रोजमर्रा के काम करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका दावा है कि लगातार पानी भरे रहने के कारण कुछ मकानों में दरारें आने लगी हैं।
डीएम से तत्काल कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजकर जलनिकासी में आ रही बाधाओं की जांच कराई जाए। नाले और पुलिया की तत्काल सफाई एवं जरूरत के अनुसार खुदाई कराकर पानी निकालने की व्यवस्था की जाए। साथ ही विवाद की आशंका को देखते हुए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और जलभराव के कारण संभावित जनहानि रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।







