Home / News / भ्रामक खबरों पर प्रशासन सख्त, दो यूट्यूबरों के खिलाफ जांच के आदेश

भ्रामक खबरों पर प्रशासन सख्त, दो यूट्यूबरों के खिलाफ जांच के आदेश

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

मीडिया मॉनिटरिंग-सह-मीडिया प्रबंधन कोषांग ने पुलिस अधिकारियों को सौंपी जांच, चैनल और पोर्टल की नियमित निगरानी के निर्देश

समस्तीपुर । सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बिना सत्यापन खबरें प्रसारित करने के मामले में समस्तीपुर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मीडिया मॉनिटरिंग-सह-मीडिया प्रबंधन कोषांग के अध्यक्ष सह उप विकास आयुक्त ने दो यूट्यूबरों तथा एक फेसबुक/पोर्टल संचालक के विरुद्ध शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

इस संबंध में 11 सितंबर 2026 को जारी पत्र में बिथान के यूट्यूबर रजनीश कुमार यादव और ‘Stream Bihar’ से जुड़े सुदर्शन कुमार का उल्लेख किया गया है। पत्र के अनुसार, बिथान के प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा 27 अगस्त को पत्र भेजकर रजनीश कुमार यादव के विरुद्ध कथित भ्रामक एवं फर्जी खबर प्रसारित करने के मामले में कार्रवाई का अनुरोध किया गया था।

वहीं, प्रशासनिक पत्र में आरोप लगाया गया है कि ‘Stream Bihar’ के सुदर्शन कुमार ने DPRO Samastipur ग्रुप में प्रसारित एक संदेश की पुष्टि किए बिना उसे कथित रूप से गलत ढंग से फेसबुक, यूट्यूब और पोर्टल के माध्यम से प्रचारित किया। प्रशासन ने इसे उचित नहीं माना है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) और पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) को दोनों मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा कार्रवाई से प्रशासन को अवगत कराने का निर्देश दिया गया है।

पत्र में संबंधित चैनलों और पोर्टलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा भ्रामक अथवा तथ्यहीन खबरें सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा गया है। इसकी प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी समेत जिले के संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

प्रशासन के इस कदम से स्पष्ट है कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बिना तथ्य-जांच समाचार प्रसारित करने के मामलों को अब गंभीरता से लिया जा रहा है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now