रिपोर्ट, प्रभात पाठक
एंकर। श्रावस्ती। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं विधानसभा क्षेत्र 290 श्रावस्ती से जुड़े मसूद आलम खान के श्रावस्ती भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत चौगाई, विकासखंड जमुनहा में पूर्व प्रधान शमशाद के आवास पर पीडीए चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
चौपाल में दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक तथा वंचित वर्गों के अधिकारों और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। मसूद आलम खान ने महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक एवं आर्थिक असमानता जैसे मुद्दे उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पार्टी की पीडीए विचारधारा और उसके उद्देश्यों के बारे में लोगों को जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाना तथा उन्हें उनके अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करना पीडीए की प्राथमिकता है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विभिन्न समस्याओं और अपेक्षाओं को भी उनके सामने रखा।
कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। मसूद आलम खान ने लोगों की ओर से मिले समर्थन और विश्वास के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से सामाजिक न्याय और समानता की आवाज को और मजबूती दी जाएगी।













