Home / News / ट्रॉली बैग में ‘विदेशी’ खेप! स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में भारी मात्रा में शराब के साथ युवती-युवक गिरफ्तार

ट्रॉली बैग में ‘विदेशी’ खेप! स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में भारी मात्रा में शराब के साथ युवती-युवक गिरफ्तार

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

सीआईबी की गुप्त सूचना पर RPF की कार्रवाई, H-1 कोच में सीट के नीचे मिली शराब की बड़ी खेप

समस्तीपुर। रेलवे मार्ग से शराब तस्करी के खिलाफ RPF और सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। ट्रेन संख्या 12562 के H-1 कोच में हुई कार्रवाई के दौरान शराब के साथ एक युवती और एक युवक को गिरफ्तार किया गया। दोनों अलग-अलग राज्यों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बरामद शराब को जब्त कर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस दिल्ली से जयनगर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान सीआईबी समस्तीपुर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर RPF और संबंधित टीम ने ट्रेन के H-1 कोच में जांच शुरू की। जांच के दौरान सीट के नीचे काफी मात्रा में शराब बरामद हुई। शराब बरामद होने के बाद सीट पर बैठी युवती और उसके साथ मौजूद युवक से पूछताछ की गई।

रेल थाना अध्यक्ष बीरबल कुमार राय ने बताया कि गुरुवार को स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12562 में RPF और सीआईबी की टीम द्वारा जांच की जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन में सीट के नीचे काफी मात्रा में शराब मिली। सीट पर बैठी युवती नेहा कुमारी और युवक ईशान कुमार के पास से शराब बरामद होने की बात सामने आई है।

एक बिहार तो दूसरा हरियाणा का रहने वाला

रेल थाना अध्यक्ष के अनुसार पकड़ी गई युवती बिहार की रहने वाली है, जबकि युवक ईशान कुमार करनाल का निवासी बताया गया है। दोनों से शराब की बरामदगी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब ट्रेन में कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।

जब्ती सूची तैयार, न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी

शराब बरामदगी के बाद पुलिस ने जब्ती सूची तैयार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। रेल थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। केस दर्ज होने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

तस्करी के नेटवर्क की भी होगी जांच

इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने के बाद जांच एजेंसियां अब इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई हैं। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि शराब की खेप किसने उपलब्ध कराई, ट्रेन में इसे कहां से चढ़ाया गया और इसे कहां पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार दोनों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

रेलवे मार्ग से शराब की तस्करी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर तस्करों के बदलते तौर-तरीकों को उजागर किया है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और पूछताछ जारी है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now