Home / News / ग्राम भिलैया में अंबेडकर प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा तोड़ा, गांव में तनाव

ग्राम भिलैया में अंबेडकर प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा तोड़ा, गांव में तनाव

बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम भिलैया में मंगलवार को शरारती तत्वों द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने से गांव में तनाव का माहौल बन गया। अंबेडकर पार्क में स्थापित प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा टूटा मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
गांव के बाहर सड़क किनारे करीब तीन बीघा भूमि पर बने अंबेडकर पार्क में यह प्रतिमा स्थापित है। ग्रामीणों के अनुसार पार्क की चारदीवारी नहीं होने के कारण असामाजिक तत्व आसानी से वहां पहुंच जाते हैं। मंगलवार सुबह जब लोगों ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त देखी तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
घटना की सूचना पर बहेड़ी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और शरारती तत्वों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।
बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि ग्राम भिलैया स्थित अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now