बरेली। जिले में एंबुलेंस सेवाओं की व्यवस्थाओं और उपकरणों की गुणवत्ता जांचने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विश्राम सिंह ने मंगलवार को 102 एंबुलेंस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने एंबुलेंस में मौजूद उपकरणों और लॉजिस्टिक की बारीकी से जांच की। उपकरण सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं, इसे परखने के लिए सीएमओ ने खुद अपनी शुगर और ब्लड प्रेशर (BP) की जांच कराई।
जिले में वर्तमान में 43 एंबुलेंस 108 सेवा और 43 एंबुलेंस 102 सेवा के तहत संचालित हैं। इसके अलावा जिले में 4 ALC भी हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 108 और 102 एंबुलेंस का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाता है। प्रत्येक माह MOIC और नोडल अधिकारी एंबुलेंस का निरीक्षण करते हैं और इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाती है।
इसी व्यवस्था के तहत सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह भी एंबुलेंस की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। मंगलवार को निरीक्षण के दौरान एंबुलेंस में मौजूद आवश्यक मेडिकल उपकरण, लॉजिस्टिक और अन्य सुविधाओं को चेक किया गया।
निरीक्षण के दौरान लगभग सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। सिर्फ एक सॉकेट में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई, जिस पर सीएमओ ने तत्काल उसे ठीक कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने निर्देश दिए कि एंबुलेंस में उपलब्ध सभी आवश्यक उपकरण हर समय कार्यशील और उपयोग के लिए तैयार रहें, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।





