Home / News / अंतर्राष्ट्रीय किशोर युवा दिवस पर स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय किशोर युवा दिवस पर स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

युवाओं की स्वास्थ्य जांच के साथ नशामुक्ति का दिया संदेश

झालावाड़, 11 अगस्त।
अंतर्राष्ट्रीय किशोर युवा दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में श्रीमान जिला कलेक्टर श्री अजय सिंह राठौड़ के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान के नेतृत्व में राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय, झालरापाटन में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में जिला चिकित्सालय झालरापाटन की चिकित्सा टीम द्वारा महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधानंद ने बताया कि शिविर के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न जांचें की गईं। स्वास्थ्य टीम में प्रितम शर्मा, पंकज शर्मा एवं गोविंद राठौर,भारत सालोदिया, स्वार्थी बाई, हर्षित कुमार सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम व प्रिंसिपल डा नितिन आर्य ,मनोज मित्तल,दीपक अग्रवाल हितेश शर्मा,उमरदराज,भजनलाल,महाविद्यालय के प्रशासन द्वारा सक्रिय रूप से सहयोग प्रदान किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान ने कहा कि “युवा राष्ट्र का भविष्य हैं। स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं और सशक्त युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।” उन्होंने बताया कि युवाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

शिविर के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की हीमोग्लोबिन ,ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, नेत्र जांच, बीएमआई (बॉडी मास इंडेक्स) , मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें की गईं। साथ ही युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को “नशामुक्त भारत–नशामुक्त झालावाड़” के संकल्प के साथ नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविरों का उद्देश्य युवाओं को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार युवा पीढ़ी का निर्माण करना है

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now