Home / News / 45 डिग्री तापमान में फिर होगा महापड़ाव, किसानों की समस्याओं पर फूटा आक्रोश

45 डिग्री तापमान में फिर होगा महापड़ाव, किसानों की समस्याओं पर फूटा आक्रोश

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

समर्थन मूल्य, फसल बीमा और मुआवजा भुगतान को लेकर भारतीय किसान संघ ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
झालावाड़। आज भारतीय किसान संघ की जिला बैठक किसान भवन झालावाड़ में जिला अध्यक्ष राधेश्याम गुर्जर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिलेभर के तहसील स्तरीय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक उपरांत किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ को ज्ञापन सौंपा गया।
बैठक को संबोधित करते हुए चित्तौड़ प्रांत के प्रांत मंत्री एवं जिला प्रभारी जगदीश खाती ने कहा कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद में हाड़ौती क्षेत्र के किसानों के साथ भेदभाव किया गया है। उन्होंने बताया कि कोटा एवं बूंदी जिलों में 40 प्रतिशत लक्ष्य निर्धारित किया गया, जबकि झालावाड़ एवं बारां जिलों में मात्र 11 प्रतिशत लक्ष्य रखा गया, जो यहां के किसानों के साथ सीधा-सीधा दोगला व्यवहार है।
प्रांत पशुपालन एवं डेयरी प्रमुख श्री किशन पाटीदार ने कहा कि समर्थन मूल्य केंद्रों पर बारदान समय पर नहीं पहुंचने से किसान परेशान हैं। पिछले आठ दिनों से बारदान की कमी के कारण किसान अपना गेहूं नहीं बेच पा रहे हैं। साथ ही 1 जून से समर्थन मूल्य खरीद केंद्र बंद होने वाले हैं, जबकि अभी भी बड़ी संख्या में किसान अपना गेहूं केंद्रों तक नहीं पहुंचा पाए हैं। मजबूरी में किसानों को बाजार में कम दामों पर फसल बेचनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ष समर्थन मूल्य बढ़ाने की घोषणा तो करती है, लेकिन इसका लाभ सभी किसानों को नहीं मिल पाता, जिससे यह योजना किसानों के लिए हानिकारक सिद्ध हो रही है।
संभाग उपाध्यक्ष धन सिंह गुर्जर ने बताया कि जिले के लगभग 1 लाख 6 हजार किसानों को अभी तक मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हुई है। वहीं जिले की चार तहसीलों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों के किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी नहीं मिला है, जिससे किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
जिला अध्यक्ष राधेश्याम गुर्जर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 45 डिग्री तापमान में भी किसान एक बार फिर जिला मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन एवं महापड़ाव करने को मजबूर होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
बैठक में भारतीय किसान संघ की जिला एवं तहसील कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी भारतीय किसान संघ के जिला प्रचार प्रमुख महेश मेहर द्वारा दी गई।

Tagged:
[post-views]
Share
Now